अनवर चौहान

पूर्व विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर पर एक और महिला पत्रकार ने रेप और यौन शोषण का आरोप लगाया है। वाशिंगटन स्थित अमेरिकी मीडिया संगठन नेशनल पब्लिक रेडियो (एनपीआर) की बिजनेस डेस्क की मुख्य संपादक पल्लवी गोगोई ने अकबर के खिलाफ बलात्कार के आरोप लगाए हैं। इस आरोप पर एमजे अकबर ने कहा कि उनका पल्लवी गोगोई के साथ कई महीनों तक `आपसी सहमति` से संबंध रहा। इसके बाद एमजे अकबर की पत्नी मल्लिका अकबर भी उनके समर्थन में उतर आई हैं। मल्लिका का कहना है कि पल्लवी झूठ बोल रही हैं, हालांकि, उन्हें नहीं पता कि उनके झूठ बोलने की क्या वजह है।

मल्लिका का कहना है, `मैं अब तक इस मामले पर चुप्पी साधे हुई थी। लेकिन वाशिंगटन पोस्ट में पल्लवी गोगोई ने लेख लिखकर मेरे पति पर जबरन रेप का जो आरोप लगाया है, उसने मुझे सच के साथ बाहर आने के लिए मजबूर कर दिया। करीब बीस साल पहले पल्लवी की वजह से एक समय हमारे घर में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। पल्लवी और मेरे पति के रिश्ते की भनक मुझे उसके देर रात फोन आने और मेरे सामने ही मेरे पति के लिए प्यार दर्शाने की वजह से लगी।`

साथ ही उन्होंने कहा, `पल्लवी के इस रिश्ते की वजह से मेरे पूरे परिवार को बहुत दुख सहन करना पड़ा। मेरे घर पर हुई एशियन ऐज की एक पार्टी में कई युवा पत्रकार मौजूद थे, वहां पर मैंने देखा कि वे दोनों बहुत करीब आकर डांस कर रहे हैं। जिसे देखकर मुझे बहुत दुख और पीड़ा हुई थी। इस रिश्ते को लेकर मेरा मेरे पति से कई बार विवाद भी हुआ, जिसके बाद उन्होंने अपने परिवार को तवज्जो देने को चुना। तुषिता पटेल और पल्लवी गोगोई अक्सर हमारे घर पर आकर ड्रिंक करती थीं और खाना खाती थीं। लेकिन पल्लवी के व्यवहार से कभी भी ऐसा नहीं लगा कि उसका यौन शोषण हुआ है। मुझे नहीं पता कि पल्लवी झूठ क्यों बोल रही है।`