अनवर चौहान

नई दिल्ली/दुबई.दुनिया में कट्टरता के लिए पहचान रखने वाला सऊदी अरब अब सॉफ्ट इस्लाम की ओर बढ़ रहा है। पिछले एक साल में यहां महिलाओं को ड्राइविंग का हक मिला, मूवी-म्यूजिक फेस्टिवल जैसे कई अहम बदलाव हुए। अरब के क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान के बारे में महिलाएं ट्वीट कर कह रही हैं कि अब हम 21वीं सदी से जुड़ सकते हैं। वो (सलमान) इतिहास बदलने जा रहे हैं। बता दें कि सलमान सऊदी के समाज में बदलाव की शुरुआत क्राउन प्रिंस बनने से भी पहले कर चुके हैं।
सलमान ने कहा था- हम पहले जैसे बनना चाहते हैं
32 साल के क्राउन प्रिंस सलमान ने अक्टूबर में एक प्रोग्राम में कहा था- ``पिछले 30 सालों में जो हुआ है वो सऊदी अरब नहीं है। हम वो बनना चाहते हैं जो हम पहले थे। एक ऐसा देश जहां मॉडरेट इस्लाम था, जो सभी धर्मों और पूरी दुनिया के लिए खुला था।``
सलमान जब सऊदी के शाह बनेंगे तो वे पहले शाह होंगे जिसके पास बैचेलर डिग्री है। उन्होंने लॉ किया है। शाही परिवार के ज्यादातर पुरुषों की कई पत्नियां हैं लेकिन सलमान की एक पत्नी है और 4 बच्चे हैं। उनके दादा किंग सउद की 23 पत्नियां और 45 बच्चे थे।
एक साल में इतना बदला सऊदी अरब
1.इस्लामी कानूनों का पालन कराने वाली धार्मिक पुलिस "मुतावा` के अधिकार कम कर दिए गए हैं। ये कई बार तो महिलाओं के दस्ताने पहनने पर भी उन्हें गिरफ्तार करते या बहस करते थे। 2.इसी साल सितंबर में सऊदी की महिलाओं को ड्राइविंग का हक मिल गया है। वे जून 2018 से गाड़ी चला सकेंगी। 3.फरवरी में जेद्दाह में सऊदी का पहला कॉमिक कॉन फेस्टिवल हुआ। इस फेस्टिवल में लोगों ने कहा कि- लगा ही नहीं की हम सऊदी में हैं। 4.सऊदी में कई सरकारी सेवाओं को लेने के लिए पिता, पति, भाई या बेटे की इजाजत लेनी पड़ती थी, उन्हें गार्जियन बताना पड़ता था। इसे खत्म कर दिया गया है। 5.मूवी फेस्टिवल भी हुआ। सबसे बड़े मॉल ऑपरेटर अरेबियन सेंट्रल ने 10 नए मॉल में थिएटर की जगह छोड़ी हैं। उम्मीद है जल्द ही थिएटर शुरू होंगे। 6.सलमान ने मदीना में एक स्पेशल कॉम्प्लेक्स बनाने को कहा है, जहां इस्लाम के बड़े जानकार इस बात पर चर्चा करेंगे कि इस्लाम के नाम पर कट्‌टर लोगों ने क्या गलत बातें थोपी हैं। 7. इस साल सऊदी अरब में पॉप कंसर्ट हुए। हाल ही में राजधानी रियाद में कॉमेडी फेस्टिवल आयोजित किया गया। फरवरी में जेद्दाह में एक बड़ा पब्लिक कंसर्ट भी आयोजित हुआ। 8.सितंबर 2017 में सऊदी के 87वें स्थापना दिवस के दिन पहली बार महिलाओं को स्टेडियम में जानेे की इजाजत मिली। 9.सऊदी अरब अपने नए एंटरटेनमेंट प्रोजेक्ट्स पर 2.7 अरब डॉलर खर्च कर रहा है। इसमें एक एंटरटेनमेंट कॉम्प्लेक्स भी बनेगा, जो 2019 में शुरू होगा। 10. सरकार सेमी ऑटोनॉमस वीजा फ्री डेस्टिनेशन बना रही है, जो रिसॉर्ट की तरह होगा। संभव है कि यहां महिलाओं के लिए कोई ड्रेस कोड नहीं होगा। वे स्कर्ट-बिकिनी भी पहन सकती है।