अनुष्का शर्मा की शादी में उनकी दादी और नानी शामिल नहीं हो रही हैं। खबरें आ रही हैं कि अनुष्का और क्रिकेट स्टार विराट कोहली शादी के लिए इटली जा पहुंचे हैं उनके साथ दोनों के अभिभावक भी हैं। लेकिन परिवार के अन्य सदस्य दून में ही रह गए हैं। अनुष्का की दादी उर्मिला शर्मा और नानी चद्रकांता बडोनी का परिवार नेशविला रोड और डोभालवाला में रहता है। अनुष्का की शादी की खबरें आने के बाद दून में दोनों परिवारों में भी गहमा गहमी बढ़ गई है। लोग उनसे अनुष्का-विराट की शादी के बारे में लगातार पूछताछ कर रहे हैं। हालांकि दोनों परिवार खुद को अनुष्का की शादी की खबरों से अंजान बता रहे हैं। दादी उर्मिला ने तो पूछताछ करने वालों से आजिज आकर लोगों से मिलना ही बंद कर दिया है। यही स्थिति अनुष्का की नानी के परिवार की भी है।


जब हिन्दुस्तान की टीम ने उनके घर पर दस्तक दी तो वह अपने दामाद एसके द्विवेदी संग बाजार से लौट ही रही थीं। घर को एक नजर देखकर ऐसा जरा भी नहीं लग रहा था कि यहां पर अनुष्का-विराट की शादी को लेकर कोई तैयारी या परिवार के कोई सदस्य मुबंई जाने वाले हों। अनुष्का की नानी चंद्रकांता ने हिन्दुस्तान को बताया कि अनुष्का से इस बारे में उनकी कोई बात नहीं हुई है। जो खबरें मीडिया से चल रही हैं उन्हें भी बस उतना ही पता है। बहरहाल उन्हें अपनी बेटी आशिमा और दामाद अजय (अनुष्का के माता पिता से)बुलावे का इंतजार है। उन्होंने ये जरूर कहा कि उनकी दो अन्य बेटियां रीमा और ऋचा इस समय जरूर मुबंई में है। अनुष्का के मामा अमूल्य ने भी शादी के बारे में मिल रही कुछ भी जानकारी से इंकार किया है।