अनवर चौहान

नई दिल्ली,मेट्रो किराए में बढ़ोतरी के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी के आवास का घेराव किया। आप कार्यकर्ताओं ने उनसे मेट्रो किराया कम करवाने में दिल्ली की जनता का साथ देने की अपील की। किराया बढ़ोतरी के खिलाफ आम आदमी पार्टी द्वारा मेट्रो किराया सत्याग्रह चलाया जा रहा है। इस क्रम में शुक्रवार को आप कार्यकर्ता सांसद मीनाक्षी लेखी के आवास पर पहुंचे। इस दौरान आप कार्यकर्ताओं के हाथ में गुलाब के फूल भी थे। प्रदर्शन के दौरान आप कार्यकर्ताओं ने कहा कि सांसद को दिल्ली की जनता ने चुना है। इसलिए उन्हें किराया कम करवाने के लिए दिल्ली की जनता का साथ देना चाहिए। इससे पूर्व आम आदमी पार्टी की ओर से भाजपा सांसद व केन्द्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, महेश गिरी, उदित राज, रमेश बिधूड़ी, प्रवेश वर्मा के आ‌वास पर भी प्रदर्शन कर चुके हैं।