बेंगलुरु.कर्नाटक के सीनियर इनकम टैक्स अधिकारी के बेटे की लाश मिली। उसके अपहरण के 10 दिन बाद बेंगलुरु के पास  एक झील में ये लाश मिली है। वो आटो मोबाइल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। 12 सितंबर को घर से नई कार लेकर  घूमने के लिए निकला था। बाद में उसके वॉट्सऐप से फैमिली को एक वीडियो मैसेज मिला, जिसमें 50 लाख फिरौती की मांग की गई थी।पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार को 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें उसका एक दोस्त भी शामिल है। पकड़े जाने के डर से उसकी हत्या की गई। पुलिस के मुताबिक, इनकम टैक्स अफसर निरंजन कुमार का बेटा सारथ (19 साल) 12 सितंबर को अपनी कार लेकर घर से  निकला था। जब देर रात तक नहीं लौटा तो फैमिली ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
शुक्रवार को सारथ की बॉडी शहर के बाहर रमोहल्ली झील में मिली। इसके कुछ दूरी पर ही उसकी कार खड़ी मिली है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से सारथ की हत्या की और बॉडी झील में फेंककर फरार हो गए। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, सारथ के गायब होने के बाद घर वालों उसे कई बार कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।  दो दिन बाद 14 सितंबर को उसके मोबाइल से एक वाट्सऐप वीडियो मैसेज मिला, जिसमें सारथ ने कहा था कि कुछ लोगों ने उसे किडनैप कर लिया है। किडनैपर्स उसे छोड़ने के लिए 50 लाख की फिरौती मांग रहे हैं। प्लीज रुपए दे दीजिए।
इसके बाद फैमिली ने पुलिस की मदद ली, लेकिन कई दिन तक जांच-पड़ताल के बाद भी न तो सारथ का सुराग मिला न ही किडनैपर्स का। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, किडनैपर्स ने कुछ दिन पहले फैमिली को सारथ का दूसरा वीडियो मैसेज भी भेजा था। इसमें सारथ  ने बताया कि ये लोग मेरी अक्का (बड़ी बहन) को भी फॉलो कर रहे हैं। उन्होंने उसकी हर दिन की सभी एक्टिविटी नोट कर रखी हैं और पूरी जानकारी सही है।